
संदिग्ध पार्सल एवं संदिग्ध ऑर्डर की पहचान कर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए डिलीवरी एवं कूरियर संचालकों को किया गया निर्देशित।
संदिग्ध वस्तुओं की डिलीवरी के दौरान ग्राहक का पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर सत्यापित करने तथा आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की दी गई समझाइश।
आपराधिक गतिविधियों में ऑनलाइन माध्यम के संभावित दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली कांकेर में विशेष समीक्षा एवं समझाइश बैठक आयोजित।
घटना का संक्षिप्त विवरणः –
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा ऑनलाइन माध्यम से धारदार एवं प्रतिबंधित हथियारों की खरीद-बिक्री और डिलीवरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों, डिलीवरी एजेंसियों एवं कूरियर संचालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू एवं थाना प्रभारी सिटी कोतवाली कांकेर श्री जितेन्द्र साहू की उपस्थिति में संबंधित संचालकों एवं प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डिलीवरी एजेंसियों को दिए गए प्रमुख निर्देश:-
1. संदिग्ध पार्सल पर विशेष निगरानी
चाकू, छुरी, गुप्ती, बटनदार चाकू , एयरगन अथवा अन्य संदिग्ध धारदार वस्तुओं से संबंधित पार्सल पर विशेष सतर्कता बरतें तथा संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
2. संदिग्ध ऑर्डर की तत्काल सूचना
यदि किसी व्यक्ति द्वारा बार-बार अथवा बड़ी मात्रा में ऐसी संदिग्ध वस्तुओं का ऑर्डर किया जाता है, विशेषकर नाबालिगों अथवा असामाजिक प्रवृत्ति के युवाओं द्वारा, तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
3. ग्राहक सत्यापन अनिवार्य
संदिग्ध अथवा संवेदनशील वस्तुओं की डिलीवरी के दौरान प्राप्तकर्ता की पहचान एवं मोबाइल नंबर का उचित सत्यापन करें तथा आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखें।
4. लापरवाही पर होगी वैधानिक कार्रवाई
यदि किसी आपराधिक घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार ऑनलाइन माध्यम से मंगाया जाना पाया जाता है और जांच में संबंधित डिलीवरी एजेंसी अथवा संचालक की लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में शामिल प्रमुख डिलीवरी एवं कूरियर प्रतिनिधि :-
कांकेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत फ्लिपकार्ट, शैडोफैक्स, मीशो, एक्सप्रेसबीज़, अमेज़न,
डीटीडीसी सहित अन्य ऑनलाइन डिलीवरी एवं कूरियर सेवाओं के प्रतिनिधियों को बैठक में आमंत्रित कर आवश्यक समझाइश दी गई।
बैठक में कृष्णा यादव, रोशन नेताम, संदीप यादव, मनोज यादव, डिकेश्वर साहू, कपिल वर्मा, सुरज कुंजाम, अब्दुल कादर सहित संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
📢 कांकेर पुलिस की अपील :-
ऑनलाइन माध्यम से किसी भी संदिग्ध वस्तु की खरीद-बिक्री, संदिग्ध पार्सल अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
📞 अपराधिक हेल्पलाइन : 94791-55125
सूचनाकर्ता की पहचान एवं दी गई सूचना पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।



