पुल-पुलियों से ऊपर जल स्तर बढ़ने पर आवाजाही बंद हो
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए जिले में मलेरिया के रोकथाम के लिए संवेदनशील एवं अंदरूनी क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। बारिश के दिनों में नदी-नालों में बने पुल-पुलियों के ऊपर जल स्तर बढ़ने पर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
कलेक्टर द्वारा मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन तथा सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों को शीघ्र निराकृत करने के लिए कहा गया है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी, अपर कलेक्टर श्री जितेन्द्र कुर्रे एवं ए.एस. पैकरा, सभी एसडीएम, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और जनपद एवं नगरीय निकायों के अधिकारी मौजूद थे।
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने अंदरूनी क्षेत्रों में भवन विहीन प्राथमिक शाला के लिए भवनों के निर्माण, आंगनबाड़ी, गोदाम सह उचित मूल्य दुकान इत्यादि निर्माण कार्यों के लिए वीबी जी-रामजी योजना अंतर्गत प्रस्ताव भेजने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत सीसी रोड, धरसा रोड निर्माण के लिए पात्रतानुसार कार्य स्वीकृत किए जा सकते हैं। निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों एवं प्रधानमंत्री आवास का निर्माण समय-सीमा में पूरा कराने के लिए अधिकारियों से कहा गया है।
आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, आयुष्मान वय वंदन कार्ड की समीक्षा भी उनके द्वारा की गई, साथ ही शासकीय प्रयोजन के लिए भू-अधिग्रहण के प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर पूरा कराने के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया गया। इसी तरह ज्ञान भारतम पांडुलिपि, निष्क्रिय एवं डीफ बैंक एकाउंट, खनिज न्यास निधि के तहत निर्माण कायों, नेल्लानार पंचायतों में विकास कार्य, विशेष केंद्रीय सहायता मद के तहत स्वीकृत कार्य, ग्राम स्वराज अभियान सहित एग्रीस्टैक पंजीयन के प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके अलावा विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।



