कांकेर । छत्तीसगढ़: शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करिहा में विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक स्वास्थ्य, जीवन कौशल एवं स्वस्थ तरीके से तनाव से निपटने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय जीवन कौशल प्रशिक्षण एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. आर. सी. ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), कांकेर, डॉ. विमल चंद्र भगत, मेडिकल सुप्रीटेंडेंट, डॉ. किशोर कुमार ध्रुव, नोडल अधिकारी, मनोरोग विभाग तथा डॉ. योगेश प्रजापति, जिला मानसिक स्वास्थ्य सलाहकार के निर्देश एवं मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक प्रबंधन, तनाव प्रबंधन, प्रभावी संचार कौशल, निर्णय लेने की क्षमता, समस्या समाधान, आत्मविश्वास तथा अन्य महत्वपूर्ण जीवन कौशल के संबंध में जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं एवं भावनाओं को खुलकर साझा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर विशेषज्ञों से सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम आशीष जैन, उमाशंकर सोनकर एवं युगेश ध्रुव की उपस्थिति एवं सक्रिय सहभागिता में संपन्न हुआ। टीम द्वारा विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य एवं जीवन कौशल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान, उचित मार्गदर्शन एवं आवश्यकता अनुसार समय पर विशेषज्ञ सहायता प्राप्त करना विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य एवं स्वस्थ विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना की तथा शैक्षणिक संस्थानों में भविष्य में भी मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं जीवन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।



