कांकेर । स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कांकेर के एमबीबीएस इंटर्न चिकित्सकों द्वारा स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के तहत इंटर्न चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं कांकेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री आशाराम नेताम से सौजन्य मुलाकात कर अपनी लंबित मांगों से अवगत कराया।
इंटर्न चिकित्सकों ने उपमुख्यमंत्री एवं विधायक के समक्ष वर्तमान में दिए जा रहे ₹15,900 प्रतिमाह स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह किए जाने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बढ़ती महंगाई, कार्यभार एवं चिकित्सकीय सेवाओं में इंटर्न चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए वर्तमान स्टाइपेंड अपर्याप्त है।
इंटर्न चिकित्सकों ने अपनी मांग से संबंधित विभिन्न तथ्यों एवं अन्य राज्यों में दिए जा रहे इंटर्नशिप स्टाइपेंड की स्थिति से भी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया तथा शासन स्तर पर इस विषय में शीघ्र सकारात्मक पहल किए जाने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं विधायक श्री आशाराम नेताम ने इंटर्न चिकित्सकों की मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि इंटर्न चिकित्सकों की मांगों पर विचार किया जा रहा है तथा इस विषय को संबंधित अधिकारियों के समक्ष आगे बढ़ाकर आवश्यक चर्चा की जाएगी। विधायक श्री आशाराम नेताम ने भी इंटर्न चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि वे इस विषय को शासन स्तर पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखेंगे।
इंटर्न चिकित्सकों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने एवं संबंधित प्राधिकरण तक विषय पहुंचाने के आश्वासन का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन द्वारा उनकी स्टाइपेंड वृद्धि की मांग पर जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।



