Home Blog स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता व अखण्डता का अलख जगाने दौड़ा कांकेर

स्वतंत्रता, राष्ट्रीय एकता व अखण्डता का अलख जगाने दौड़ा कांकेर

0
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी व नागरिक हुए शामिल
देश की एकता, अखण्डता बनाए रखने की जिम्मेदारी युवा कंधांे पर: कांकेर विधायक

उत्तर बस्तर कांकेर 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आज जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक श्री आशाराम नेताम व जनप्रतिनिधियों तथा जिले के कलेक्टर श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसपी श्री निखिल राखेचा सहित आला अधिकारियों ने शहर के मुख्य मार्गों में दौड़ लगाई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में प्रतिभागी हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर नगर के मुख्य मार्गों में उत्साह और जोश के साथ दौड़ते नजर आए।

स्वतंत्रता दौड़ में शामिल जत्थे को नरहरदेव पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल परिसर में विधायक श्री नेताम ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया, जिसमें शामिल जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, युवक-युवतियों तथा स्कूली विद्यार्थियों ने घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक, जयस्तम्भ चौक होते हुए नए बस स्टैण्ड के सामने नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर तक दौड़ लगाई।

Ro.No - 13954/39

मिनी स्टेडियम में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कांकेर विधायक श्री नेताम ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिवर्ष देशवासियों में स्वतंत्रता तथा एकता व अखण्डता का अलख जगाने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा यह दौड़ आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि इसे चिरस्थायी बनाए रखने की जिम्मेदारी देश की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। विधायक ने समाज में आपसी सौहार्द्र और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने की अपील करते हुए उपस्थित विद्यार्थियों को अनुशासन से अपनी पहचान स्थापित करने की बात कही। इस अवसर पर नागरिक श्री महेश जैन ने संबोधित करते हुए आज ही के दिन 1947 में देश के विभाजन की विभीषिका पर अपने विचार रखे।

इस दौरान कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ हर वर्ष आयोजित की जाती है ताकि नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के महत्व और इसे हासिल करने में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों का ऐतिहासिक योगदान तथा उनका पुण्य स्मरण कराया जा सके। उन्होंने आगे कहा कि जिले में कुछ ऐसे अतिसंवेदनशील गांव थे, जहां माओवाद के भयाक्रांत के चलते कभी राष्ट्रध्वज नहीं फहराया गया। माओवाद उन्मूलन के बाद उन ग्रामों में पहली बार राष्ट्र तिरंगा फहराया जाएगा। कलेक्टर ने ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘विभाजन की विभीषिका’ की जानकारी देते हुए कहा कि हम ये न सोचें कि देश ने हमें क्या दिया, बल्कि यह सोचें कि देश के लिए हम क्या कर सकते हैं।

जो दायित्व मिले हैं उन्हें पूरी शिद्दत और ईमानदारी के साथ निर्वहन करना भी देशभक्ति है। इस अवसर पर विधायक श्री नेताम ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति अभियान का हिस्सा बनकर नशामुक्त समाज स्थापित करने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम में नगरपालिका कांकेर के अध्यक्ष श्री अरुण कौशिक, एसडीएम कांकेर श्रीमती सरस्वती बंजारे, प्रभारी खेल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री टीकाराम देवांगन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद, समाजसेवी श्री पप्पू मोटवानी सहित नागरिकगण व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं काफी संख्या में उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here