अरुण ताम्रकार को पुनः जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी, प्रवीण सिंह बने ब्लॉक अध्यक्ष मनेंद्रगढ़
मनेंद्रगढ़ । छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिला एमसीबी की जिला स्तरीय बैठक 15 अगस्त को 220 बिस्तर शासकीय अस्पताल में आयोजित की गई। बैठक में संघ के प्रांतीय नेतृत्व के निर्णय एवं कर्मचारियों की सर्वसम्मति से अरुण ताम्रकार को पुनः जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं प्रवीण सिंह को पुनः ब्लॉक अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ के पद पर मनोनीत किया गया। इस अवसर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी कराया गया।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष आर.डी. दीवान ने कर्मचारियों से संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट एवं संगठित रहने तथा पदाधिकारियों को सहयोग प्रदान करने की अपील की।
बैठक में कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संगठन के पदाधिकारियों को अवगत कराया। इस पर संगठन की ओर से आश्वस्त किया गया कि शीघ्र ही जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं विकासखंडों का दौरा कर कर्मचारियों से संवाद किया जाएगा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद संबंधित उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए चर्चा की जाएगी।
इस अवसर पर लाल बहादुर सिंह यादव, शैलेंद्र मिश्रा, गीता पतवार, सावित्री जायसवाल, संगम भारती, रविंद्र मिश्रा, लालजी मिश्रा, मोहम्मद आफताब, हेमचंद्र, उमाशंकर सिंह, दशरथ राम, रोहित मिश्रा, मनमोहन कुर्रे, एम.जी. लकड़ा, लक्ष्मी राम, नीता नायर, अनुपमा सिंह, नर्सिंग सिस्टर रीमा सिंह, दुर्गा श्रीवास्तव, आशा करकेट्टा सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



