Home Blog अंतागढ़ आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में “साइबर जागृति अभियान” कार्यक्रम आयोजित

अंतागढ़ आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में “साइबर जागृति अभियान” कार्यक्रम आयोजित

0
लगभग 200 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट एवं यातायात नियमों की दी गई जानकारी।
साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति किया गया जागरूक।
कार्यक्रम का विवरण

पुलिस अधीक्षक कांकेर श्री निखिल राखेचा के निर्देशन में , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष बंछोर के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत दिनांक 19.08.2026 को शासकीय स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल, अंतागढ़ में साइबर एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में एसडीओपी अंतागढ़ श्री संतोष जैन एवं थाना प्रभारी अंतागढ़ श्री कोमल भूषण पटेल द्वारा स्कूल के लगभग 200 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराध, साइबर फ्रॉड से बचाव, डिजिटल अरेस्ट तथा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

Ro.No - 13954/39
साइबर फ्रॉड एवं डिजिटल अरेस्ट से बचाव

विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक खाता विवरण, ATM कार्ड की जानकारी, UPI PIN एवं अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने तथा फर्जी वेबसाइट एवं सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहने की समझाइश दी गई।

डिजिटल अरेस्ट के संबंध में बताया गया कि पुलिस अथवा कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं और किसी के कहने पर राशि ट्रांसफर न करें।

यातायात नियम एवं सड़क सुरक्षा

विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के संबंध में जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग, तीन सवारी नहीं बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा तेज गति एवं लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई।

चारपहिया वाहन चालकों एवं यात्रियों को सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की समझाइश

विद्यार्थियों को विशेष रूप से समझाया गया कि नाबालिग अवस्था में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। पुलिस द्वारा अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें।

📢 कांकेर पुलिस की अपील

उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं तथा तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर की गई शिकायत साइबर ठगी की राशि को रोकने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here