सरसीवा – श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर ग्राम धोबनी स्थित प्रसिद्ध धोबनेश्वर महादेव मंदिर में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पुष्पा वैष्णव मानस परिवार, रायगढ़ के द्वारा जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शिव भक्तों को भगवान भोलेनाथ की भक्ति से ओत-प्रोत गीत-संगीत एवं भजनों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
ग्राम पंचायत धोबनी में प्रत्येक वर्ष श्रावण मास के अंतिम सोमवार को महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
धोबनेश्वर महादेव मंदिर परिसर की विशेष धार्मिक मान्यता है। मंदिर परिसर में 12 ज्योतिर्लिंगों की स्थापना की गई है। इसके साथ ही समीप ही भगवान शनिदेव का मंदिर भी स्थित है। मंदिर परिसर में पहुंचते ही भक्तिमय वातावरण और शांतिपूर्ण माहौल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक सुकून का अनुभव कराता है।
भगवान भोलेनाथ की शरण में पहुंचकर श्रद्धालु स्वयं को भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
इस विशेष आयोजन का जिम्मा महाकाल युवा समिति द्वारा संभाला जा रहा है। आयोजन को लेकर ग्राम पंचायत धोबनी के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी काफी उत्साह है। ग्रामीणों का कहना है कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को होने वाले इस धार्मिक आयोजन का लोगों को हर वर्ष बेसब्री से इंतजार रहता है।
श्रावण मास के अंतिम सोमवार का यह आयोजन इस बार विशेष रहने वाला है। भक्ति गीतों, जागरण और प्रसाद-भंडारे के माध्यम से पूरा धोबनेश्वर महादेव मंदिर परिसर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आएगा। आयोजकों ने आसपास के सभी शिव भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।



