प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा के मल्हार क्षेत्र में प्राचीन शासकीय सरदार तारा सिंह बुद्धसिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुढ़ीखार में प्राचार्य काशी राम रजक की पहल से छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोक पर्व भोजली तिहार का अभिनव आयोजन किया गया। बच्चों को अपनी समृद्ध परंपराओं से जोड़ने और संस्कृति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिसर छत्तीसगढ़ी लोक रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष मिथिला थवाईत, जैतपुर सेवा समिति अध्यक्ष दीपक गुप्ता, सत्या थवाईत एवं सरपंच प्रतिनिधि सुनील थवाईत की उपस्थिति में भोजली दाई की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। छात्राओं ने पारंपरिक भोजली गीत और मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
भोजली प्रदर्शन में छात्राओं द्वारा लाई गई भोजली में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सहित सभी सहभागी छात्र-छात्राओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ज्वाला प्रसाद बंजारे ने कहा कि प्रकृति के साथ हमारे अटूट संबंध और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को जीवंत रखने में भोजली जैसे पर्वों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं प्राचार्य काशीराम रजक ने कहा कि हमारी संस्कृति हमें एकता, भाईचारे और मिल-जुलकर रहने का संदेश देती है।
कार्यक्रम के समापन पर हायर सेकेंडरी और मिडिल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भोजली लेकर सरस्वती चौक, ठाकुर देव होते हुए परगनिया मंदिर के पास विशाल जलाशय में भोजली का विसर्जन किया। कार्यक्रम का संचालन रूपेंद्र सिंह महिलांगे ने किया।



