उपभोक्ताओं से लिए जायेंगे आवेदन, योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी
उत्तर बस्तर कांकेर कलेक्टर श्री कुंदन कुमार द्वारा दिए गए निर्देशानुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, इन शिविरों में योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, साथ ही सोलर प्लांट लगाने के इच्छुक उपभोक्ताओं से आवेदन पत्र भी लिए जाएंगे।
जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत आवासीय परिसरों में उपभोक्ताओं को योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान करने के साथ ही इच्छुक उपभोक्ताओं से आवेदन प्राप्त करने के लिए विद्युत मंडल कांकेर डिविजन के अलावा भानुप्रतापपुर डिविजन में भी शिविरों का आयेाजन किया जाएगा। इस योजनांतर्गत 01 सितंबर मंगलवार को नगर पंचायत क्षेत्र अंतागढ़ के सामुदायिक भवन नगर पंचायत कार्यालय के पास शिविर लगाया जाएगा। इसी प्रकार 02 सितंबर बुधवार को नगर पंचायत क्षेत्र भानुप्रतापपुर अंतर्गत जनपद पंचायत भानुप्रतापपुर के सभाकक्ष और 03 सितंबर गुरुवार को ग्राम पंचायत कोरर के सामुदायिक भवन में शिविर लगाया जाएगा। सोलर प्लांट लगवाने के इच्छुक उपभोक्ता उक्त शिविर में उपस्थित होकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अंतर्गत आवासीय परिसरों में सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा आकर्षक सब्सिडी प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत सोलर प्लांट लगवाने पर 01 किलोवाट क्षमता के लिए 45 हजार रुपए, 02 किलोवाट क्षमता के लिए 90 हजार रुपए और 03 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित करने पर 01 लाख 08 हजार रुपए की सब्सिडी प्रदान किया जा रहा है। उपभोक्ता इस अवसर का फायदा उठाते हुए अपने घरों में सोलर प्लांट लगवा सकते हैं।



