विद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम-
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताड़ोकी में “साइबर जागृति अभियान” के तहत साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल/मैसेज, संदिग्ध लिंक एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
ग्रामों एवं साप्ताहिक बाजारों में जागरूकता अभियान
साप्ताहिक बाजार नरहरपुर, ग्राम उमरादाह स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, चौकी दुधावा क्षेत्र के ग्राम मांडाभरी तथा चौकी हल्बा क्षेत्र के ग्राम हाराडुला, के साप्ताहिक बाजार में पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों एवं आमजन को साइबर अपराध, ऑनलाइन फ्रॉड, बैंक एवं एटीएम के सुरक्षित उपयोग, अनजान नंबरों से आने वाले फोन एवं वीडियो कॉल तथा साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के संबंध में जानकारी दी गई। नागरिकों को OTP, PIN, CVV एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा साइबर ठगी से सतर्क रहने की समझाइश दी गई। साथ ही नशामुक्ति एवं यातायात जागरूकता के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी देकर नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया।
महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता –
महिला रक्षा टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को “अभिव्यक्ति ऐप” डाउनलोड करवाया गया तथा ऐप की उपयोगिता एवं महिला सुरक्षा से संबंधित सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
उक्त जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 500 ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
पुलिस टीम द्वारा नागरिकों को बताया गया कि साइबर अपराधी विभिन्न माध्यमों से लोगों को झांसे में लेकर ठगी करते हैं। इसलिए अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध कॉल/मैसेज से सावधान रहें तथा अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें।
किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
कांकेर पुलिस की अपील:
साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और जागरूकता है। स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।



