Home Blog डिजिटल शिक्षा के साथ कैरियर काउंसलिंग से बच्चों को मिलेगी भविष्य की...

डिजिटल शिक्षा के साथ कैरियर काउंसलिंग से बच्चों को मिलेगी भविष्य की सही दिशा: मंत्री गजेन्द्र यादव

0
आवासीय विद्यालयों में शिक्षा के साथ संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों पर जोर, पुसनार पोटा केबिन में गोंडी में बच्चों से किया संवाद

बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बीजापुर प्रवास के दौरान पुसनार स्थित पोटा केबिन आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने जिले की शैक्षणिक व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
जिला कार्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री यादव ने डिजिटल शिक्षा, कैरियर काउंसलिंग, खेल, स्वास्थ्य परीक्षण और विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर विश्वदीप ने जिले में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं की पहुंच तथा विद्यालयीन गतिविधियों की प्रगति से अवगत कराया। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने जिले के स्कूलों एवं आवासीय विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, डिजिटल संसाधनों और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान सभी विकासखंडों के बीईओ और आवासीय विद्यालयों के अधीक्षक उपस्थित रहे।
पोटा केबिन में बच्चों से गोंडी में किया संवाद

Ro.No - 13954/39

मंत्री यादव ने पुसनार पोटा केबिन का निरीक्षण कर बच्चों की पढ़ाई, भोजन, शयनकक्ष, भोजनकक्ष और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ब्रिज कोर्स के अंतर्गत अध्ययनरत बच्चों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली।

बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए मंत्री ने आत्मीयता के साथ गोंडी भाषा में भी संवाद किया। उन्होंने अनुदेशकों से बच्चों की दैनिक दिनचर्या में प्रार्थना, प्रेरणा गीत, योग, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के संचालन की जानकारी ली तथा मासिक पाठ्यक्रम पर चर्चा की। शयनकक्ष एवं भोजनकक्ष का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता और बच्चों की सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

पढ़ाई के साथ संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों पर जोर

विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री यादव ने पोटा केबिन अधीक्षकों से संस्थाओं के संचालन और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्धारित पाठ्यक्रम की पढ़ाई के साथ प्रतिदिन प्रार्थना, प्रेरणा गीत, महापुरुषों की जीवनी, खेलकूद, योग और संगीत जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी संचालित की जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक और अधीक्षक विद्यालय तथा बच्चों को अपना मानकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ उनके व्यक्तित्व, संस्कार और प्रतिभा के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

डिजिटल शिक्षा और कैरियर काउंसलिंग को प्राथमिकता

मंत्री यादव ने हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने एलईडी स्क्रीन, लर्निंग बोर्ड, प्रोजेक्टर और स्मार्ट टीवी के माध्यम से निर्धारित कालखंड में कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने को कहा।

डिजिटल संसाधनों में खराबी आने पर स्थानीय निधि से आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने सभी विद्यालयों में यू-डाइस कोड के अंतर्गत विद्यार्थियों की प्रविष्टि सितम्बर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराने को कहा, जिससे विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।

मंत्री ने हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में कैरियर काउंसलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रुचि, क्षमता और प्रतिभा के अनुरूप उन्हें उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने भविष्य के लिए बेहतर विकल्प चुन सकें।
हर बच्चे को खेल से जोड़ने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश

मंत्री यादव ने सभी स्कूलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक विद्यार्थी को किसी न किसी खेल से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों का हर माह स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्कूलों को मिलने वाली ग्रांट का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के लिए पारदर्शिता और ईमानदारी से करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग विद्यार्थियों की सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने में होना चाहिए।

चार स्कूलों में गठित होंगे बैंड दल

मंत्री यादव ने बताया कि जिले के चार स्कूलों में बैंड दल के गठन के लिए विभाग द्वारा आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्काउट एवं रेडक्रॉस की गतिविधियों में शामिल बच्चों का चयन कर उन्हें बैंड प्रशिक्षण देने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे और डीईओ राजेश पांडे ने विभागीय व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने तथा मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा और उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार पांडेय, डीएमसी भवानी शंकर रेडडी बीजापुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here