🚨 रायगढ़ पुलिस की कोतवाली और थाना साइबर टीम ने आरोपी का पीछा कर ग्वालियर में दबोचा, जीआरपी ग्वालियर का मिला सहयोग
🚨 अपराध के बाद आरोपी को भगाने में साले ने की थी मदद, सहयोगी साले को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर पहले ही भेजा जेल
रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मामूली विवाद में युवक पर पिस्टलनुमा एयरगन से फायर कर फरार हुए आरोपी हरसवरन सिंह घोतड़ा को ग्वालियर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने में साइबर टीम की तकनीकी पतासाजी और जीआरपी ग्वालियर के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये है पूरा मामला
दिनांक 29 अगस्त 2026 की रात कोतरारोड क्षेत्र में सड़क पर पानी के छींटे पड़ने की मामूली बात को लेकर आरोपी का खुशहाल अग्रवाल से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिस्टलनुमा हथियार से खुशहाल के सिर को निशाना बनाकर दो बार फायर किया। खुशहाल के नीचे बैठ जाने से वह फायर की चपेट में आने से बच गया।
घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल के पास से पिस्टलनुमा हथियार बरामद किया, प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया । घटनास्थल से जप्त मोटरसाइकिल और गवाहों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान हरसवरन सिंह घोतड़ा निवासी जालंधर पंजाब, वर्तमान पता ग्राम तेंदूडिपा, कलमी, रायगढ़ के रूप में की है। आरोपी घटना के बाद से फरार हो गया था ।
आरोपी को भगाने में साले ने की थी मदद
अपराध विवेचना में सामने आया कि घटना के बाद आरोपी हरसवरन सिंह घोतड़ा को फरार कराने में उसके साले बुधराम चौहान उर्फ छोटू, निवासी रेलवे बंगलापारा रायगढ़ ने सहयोग किया था। आरोपी से मोबाइल पर बातचीत करने के बाद बुधराम उसे अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AT 6257 से भूपदेवपुर रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गया था। अपराध में संलिप्तता जाने पर सहआरोपी- बुधराम चौहान उर्फ छोटू पिता स्वर्गीय हरिलाल चौहान उम्र 30 वर्ष निवासी रेलवे बांग्ला पारा वार्ड नंबर 39 थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ को गिरफ्तार कर आरोपी से उसका अपराध में प्रयुक्त मोबाइल और मोटरसाइकिल को जप्त कर रिमांड में पेश कर जेल भेजा गया है । जहां से आरोपी हरसवरन ग्वालियर भाग गया था।
आरोपी बुधराम चौहान से पूछताछ में फरार आरोपी हरसवरन के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर उसकी तलाश आगे बढ़ाई गई।
साइबर टीम ने ग्वालियर तक पीछा कर आरोपी को पकड़ा
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने साइबर थाना की टीम को फरार आरोपी की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। साइबर टीम ने उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।
पुलिस टीम लगातार आरोपी का पीछा करते हुए ग्वालियर पहुंची। ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास जीआरपी ग्वालियर की मदद से आरोपी- हरसवरन सिंह घोतड़ा पिता सुरेन्द्र मोहन सिंह, उम्र 44 वर्ष निवासी — हाउस नं. 23-ए, ईशरपुरी कॉलोनी, जालंधर, पोस्ट मिठापुर, थाना डिवीजन नं. 07, जिला जालंधर (पंजाब) को पकड़ लिया गया।
आरोपी को रायगढ़ लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और बताया कि घटना में प्रयुक्त एयरगन को ऑनलाइन खरीदा था। अपराध अज्ञात आरोपी के विरुद्ध पंजीबद्ध होने के कारण पुलिस द्वारा प्रार्थी से आरोपी की पहचान कार्यवाही भी कराई गई।
आरोपी के मेमोरेण्डम कथन पर बुधराम से बातचीत में प्रयुक्त विवो कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल जप्त किया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन तथा साइबर डीएसपी श्री शिखर मरावी के पर्यवेक्षण में थाना साइबर एवं थाना कोतवाली की टीम ने फरार आरोपी की पतासाजी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, थाना प्रभारी कोतवाली अमित सिंह, एएसआई नंद कुमार सारथी, आरक्षक महेश पंडा, संतराम केंवट सहित थाना कोतवाली एवं साइबर थाना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




