पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिला कांकेर पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आम नागरिकों, ग्रामीणों, महिलाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 04.09.2026 को थाना बड़गांव, आमाबेड़ा, नरहरपुर, भानुप्रतापपुर एवं कोरर क्षेत्र में पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 500 ग्रामीणों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं विभिन्न सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक किया गया।
महिला रक्षा टीम द्वारा पेट्रोलिंग एवं जन-जागरूकता के दौरान महिलाओं एवं आम नागरिकों को “अभिव्यक्ति ऐप” की उपयोगिता तथा महिला सुरक्षा से संबंधित सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान 22 लोगों से अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराया गया।
नागरिकों को दिए गए प्रमुख साइबर सुरक्षा संदेश:-
🔹 अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।
🔹 पुलिस, CBI, ED अथवा अन्य अधिकारी बनकर डराने-धमकाने या डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पैसे मांगने वाले ठगों से सावधान रहें।
🔹 “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। ऐसी कॉल आने पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
🔹महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए अभिव्यक्ति ऐप एवं महिला हेल्पलाइन का उपयोग करें।
🔹 यातायात नियमों का पालन करें तथा नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
🔹 बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा एवं नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूक एवं सजग रहें।
📢 कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचाव के लिए स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
📞 साइबर क्राइम हेल्पलाइन – 1930
📞 आपातकालीन सहायता – 112



