
प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। ठाकुर देव गणेश उत्सव समिति के समापन अवसर पर मस्तूरी में श्रद्धा और भावुक माहौल के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन पनभरिया तालाब में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणेश उत्सव समिति के सदस्य मौजूद रहे। भक्तों ने ढोल-नगाड़ों डीजे और जयकारों के साथ गणपति बप्पा को विदाई दी।
विसर्जन यात्रा के दौरान पूरा वातावरण ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ नगर का भ्रमण किया और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। जैसे-जैसे प्रतिमा विसर्जन स्थल की ओर बढ़ी, भक्तों की आंखें नम होती गईं।
पनभरिया तालाब पहुंचने के बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात भक्तों ने भावुक मन से भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा से अगले वर्ष पुनः आने की प्रार्थना की।
गणेश उत्सव के दौरान कई दिनों तक मस्तूरी में धार्मिक आयोजन, भजन-कीर्तन और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विसर्जन के साथ ही उत्सव का समापन हुआ, लेकिन भक्तों के मन में गणपति के प्रति आस्था और भक्ति की भावनाएं बनी रहीं।
श्रद्धालू डा .प्रीतेश मंडल तथा निखिल पांडेय ने कहा कि गणेश जी विघ्नहर्ता हैं और उनके आशीर्वाद से परिवार एवं क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही हम सभी की कामना है।
विसर्जन में दुर्गेश यादव, छोटी यादव, रामकुमार यादव, डॉ प्रीतेश मंडल, प्रभात अवस्थी , प्रीतेश अवस्थी निखिल पांडेय, अमित मंडल, कौशल प्रजापति, लाला साहू, रविन्द्र श्रीवास पवन अवस्थी,साहिल यादव, पूनम पांडेय,अंजनी प्रजापति, ममता प्रजापति, तथा भारी संख्या में भक्त गण उपस्थित थे।



