Home Blog पुलिस अधीक्षक कांकेर द्वारा थाना दुर्गकोंदल का वार्षिक निरीक्षण, प्रशासनिक एवं पुलिसिंग...

पुलिस अधीक्षक कांकेर द्वारा थाना दुर्गकोंदल का वार्षिक निरीक्षण, प्रशासनिक एवं पुलिसिंग व्यवस्थाओं का लिया गया विस्तृत जायजा।

0
अभिलेख संधारण, विवेचना कार्य, अनुशासन, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था एवं विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की गई समीक्षा।
मोर मितान’ बीट आरक्षकों की कार्यप्रणाली एवं जनसंपर्क गतिविधियों की समीक्षा कर सतत बीट भ्रमण के निर्देश।
थाना आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर।

🔷 जिला उत्तर बस्तर कांकेर के पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) द्वारा थाना- दुर्गकोंदल का वार्षिक निरीक्षण किया गया।थाना की समस्त प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अपराध नियंत्रण एवं विवेचना कार्यों, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, अनुशासन तथा कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

🔷 निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी, विवेचकों एवं शाखा प्रभारियों से अपराधों की विवेचना, लंबित मामलों की स्थिति, शिकायतों के निराकरण, वारंट एवं समंस तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

Ro.No - 14097/148
🔷 अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच :-

थाना कार्यालय में संधारित अपराध पंजी, दैनिक डायरी, आगंतुक रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, वारंट रजिस्टर, समंस रजिस्टर, सीसीटीएनएस अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। रिकॉर्ड में अद्यतन प्रविष्टियों, दस्तावेजों की शुद्धता, समयबद्ध संधारण एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

🔷 बैरक एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण :-

पुलिस कर्मचारियों के लिए निर्मित बैरकों एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। कर्मचारियों को स्वच्छ एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

🔷 शस्त्रागार (मालखाना) एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण :–

शस्त्रागार एवं मालखाना का परीक्षण कर शस्त्रों के रखरखाव, सुरक्षा मानकों, अभिलेख संधारण, जब्त संपत्तियों के रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी हथियारों को सुरक्षित एवं कार्यशील स्थिति में रखने, नियमित सफाई करने तथा जवानों को समय-समय पर शस्त्र संचालन का अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए।

🔷 थाना परिसर एवं शाखाओं का अवलोकन :-

थाना परिसर की स्वच्छता, सीसीटीएनएस शाखा, महिला सहायता कक्ष, रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष एवं अन्य शाखाओं की कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं जनसुविधा अनुकूल बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही थाना आने वाले नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

🔷 ‘मोर मितान’ बीट आरक्षकों की समीक्षा :-

थाना क्षेत्र में कार्यरत ‘मोर मितान’ बीट आरक्षकों की कार्यप्रणाली, जनसंपर्क गतिविधियों एवं बीट व्यवस्था की समीक्षा की गई। बीट आरक्षकों को क्षेत्र में सतत भ्रमण कर आमजन से संपर्क बनाए रखने एवं अपराध नियंत्रण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।

🔷 कर्मचारियों से संवाद एवं समस्याओं की जानकारी :-

अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत चर्चा कर उनकी विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई। कर्मचारियों के कल्याण, स्वास्थ्य, आवासीय सुविधाओं एवं कार्यपरिस्थितियों से संबंधित आवश्यक सुझाव प्राप्त कर उनके निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

पुलिस अधीक्षक महोदय का संदेश :-

पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा ने कहा कि थाना पुलिस व्यवस्था की मूल इकाई है। थाना स्तर पर अनुशासन, पारदर्शिता, संसाधनों का समुचित प्रबंधन एवं जनसहयोग जितना बेहतर होगा, कानून व्यवस्था उतनी ही अधिक प्रभावी होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा जनता का विश्वास मजबूत करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का निर्देश दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here