तेज बहाव के कारण SDRF भी नहीं कर पा रही रेस्क्यू, हेलीकॉप्टर से निकालने की मांग
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – कुटरू तहसील क्षेत्र में DCS सर्वे के लिए इंद्रावती नदी पार कर गए दो पटवारी, एक चैनमैन और सर्वेयरों की टीम पिछले सात दिनों से नदी के उस पार फंसी हुई है। बताया गया कि टीम ने इस दौरान करीब 80 किलोमीटर पैदल चलकर सर्वे का कार्य किया है।
फंसी टीम में शामिल पटवारी हरिशंकर यालम के पैर में चोट और छालों के कारण संक्रमण होने की जानकारी सामने आई है। वहीं दो अन्य कर्मचारियों को बुखार की शिकायत बताई जा रही है। टीम फिलहाल गुट्टमंगी क्षेत्र में रुकी हुई है, जहां पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई है।
कर्मचारियों को वापस लाने के लिए शनिवार को नाव भेजी गई थी, लेकिन इंद्रावती नदी में तेज बहाव के कारण SDRF टीम ने नदी पार कराकर रेस्क्यू करना संभव नहीं बताया। पानी कम होने का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन जलस्तर और बढ़ गया।
टीम के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने की सूचना के बाद कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकालने की मांग उठ रही है। जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू किया जा सकता है पर अब तक इस ओर किसी भी तरह हरकत में नहीं प्रशासन।



