Home Blog प्रशासनिक आश्वासन के बाद भाजपा का चार दिवसीय धरना स्थगित

प्रशासनिक आश्वासन के बाद भाजपा का चार दिवसीय धरना स्थगित

0
जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले ने अनशनरत कार्यकर्ताओं को जूस पिलाकर कराया अनशन समाप्त

एमसीबी । नगर पंचायत खोंगापानी में विभिन्न विकास कार्यों एवं नगर पंचायत से संबंधित वित्तीय व निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा 25 सितंबर से शुरू की गई चार दिवसीय क्रमिक भूख हड़ताल सोमवार को प्रशासनिक आश्वासन के बाद स्थगित कर दी गई।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत खोंगापानी में कथित अनियमितताओं की जांच सहित विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व में जिला प्रशासन को आवेदन सौंपा था। आवेदन में नगर पंचायत को एसईसीएल हसदेव क्षेत्र से प्राप्त टर्मिनल टैक्स की राशि के उपयोग, विभिन्न निर्माण कार्यों, स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण, अटल बाजार सहित अन्य विकास कार्यों की जांच की मांग की गई थी। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना एवं क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की थी।

Ro.No - 14097/148

धरने के चौथे दिन भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले धरना स्थल पहुंचीं और अनशनरत कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी मांगों एवं पूरे प्रकरण की जानकारी ली। जिलाध्यक्ष के धरना स्थल पहुंचने से अनशन पर बैठे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा। इसी दौरान प्रशासन को धरना स्थल की स्थिति की जानकारी मिलने पर मनेंद्रगढ़ एसडीएम एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने अनशन समाप्त करने का आग्रह किया।

इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले एवं उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच मांगों को लेकर चर्चा एवं मंथन हुआ। तत्पश्चात मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आवेदन में उल्लेखित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का मौखिक आश्वासन दिए जाने के बाद धरना फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर अनशन पर बैठीं महिला मोर्चा की श्रीमती रेणु सिंह, श्रीमती मीरा यादव, अंजली विश्वकर्मा, वंदना विश्वकर्मा, महिला पार्षद ममता सिंह एवं अर्चना उर्मलिया को भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के आधार पर आंदोलन स्थगित किया गया है और मांगों पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर संगठन की नजर बनी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here