एमसीबी से भगवान दास की रिपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
एमसीबी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला एमसीबी के स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सीधे प्रसारण को देखा और उनके प्रेरणादायी विचारों को सुना। प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता की प्रेरणादायी यात्रा हैं। उनके नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सेवा और सुशासन की भावना के साथ सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
भारत सरकार की पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन देश के लिए समर्पण और जनसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनके नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है और विकसित भारत का संकल्प जन-जन का संकल्प बन रहा है।
कार्यक्रम में जिला संगठन प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



