दुर्गा पंडालों में सुरक्षा, अग्निशमन एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने की दी गई हिदायत।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निर्धारित अनुमति एवं समय-सीमा के अनुसार उपयोग करने के निर्देश।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं विसर्जन स्थल का उपयोग करने की समझाइश।
श्रीमान पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा (भा.पु.से.)के निर्देशन में,श्री राकेश कुर्रे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी श्री तेज कुमार वर्मा की उपस्थिति में आगामी नवरात्रि दुर्गा उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को थाना पखांजूर में थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा मूर्ति स्थापना समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पखांजूर, कापसी, संगम, मथुरा बाजार सहित क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।बैठक में दुर्गा प्रतिमा स्थापना, पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
दुर्गा समितियों को निर्देशित किया गया कि पंडाल का निर्माण सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर किया जाए। विद्युत कनेक्शन एवं वायरिंग को सुरक्षित रखा जाए तथा अग्निशमन की दृष्टि से फायर एक्सटिंग्विशर, रेत एवं पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आकस्मिक परिस्थितियों में श्रद्धालुओं के सुरक्षित निकास हेतु पर्याप्त मार्ग उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
पंडाल एवं आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा समिति के जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने हेतु भी समझाइश दी गई।
धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार के विवादित, भड़काऊ अथवा किसी धर्म/समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाले गीत, नारे, भाषण अथवा प्रदर्शन से पूर्णतः बचने तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग सक्षम प्राधिकारी द्वारा निर्धारित अनुमति एवं समय-सीमा के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं निर्धारित विसर्जन स्थल का ही उपयोग करने, यातायात व्यवस्था बाधित न करने, पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती करने तथा जुलूस में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस द्वारा सभी दुर्गा समितियों से पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाने की अपील की गई।



