शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता : पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी
प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत वेदपरसदा में स्थित मुख्यमंत्री डीएव्ही पब्लिक स्कूल में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी शामिल हुए। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।
पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कहा कि सेवा सेतु शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी शासकीय सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
शिविर में स्वामित्व योजना के तहत 50 से अधिक हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 23 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र तथा 23 पात्र हितग्राहियों को नवीन पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। श्रम विभाग द्वारा श्रम पंजीयन कार्ड और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
कृषि विभाग ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए, जिससे उन्हें अपनी भूमि की उर्वरता एवं पोषक तत्वों की स्थिति के अनुसार खेती करने में मदद मिलेगी। उद्यान विभाग द्वारा 10 किसानों को पौधों का वितरण किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पात्र हितग्राहियों को आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए ऋण सहायता दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। एक ही परिसर में अनेक विभागों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली।
इस अवसर पर मस्तूरी एसडीएम बजरंग वर्मा, जनपद सीईओ जे.आर. भगत, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



