सेवा संकल्प अभियान से ग्रामीणों को मिल रहीं स्वास्थ्य सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और परामर्श का भी लाभ
उत्तर बस्तर कांकेर, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम माहला में आयोजित सेवा सेतु शिविर सह मेगा स्वास्थ्य शिविर ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का सहारा बना। शिविर में ग्राम अंजाड़ी बड़ेपारा निवासी श्रीमती लक्ष्मी कोर्राम ने सोनोग्राफी जांच कराई। गांव के नजदीक ही स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा मिलने से उन्हें काफी सहूलियत मिली।
श्रीमती लक्ष्मी कोर्राम ने बताया कि गांव के पास आयोजित शिविर में सोनोग्राफी कराने का अवसर मिलना उनके लिए सुविधाजनक रहा। इससे उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। जांच के बाद चिकित्सकों द्वारा उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। उन्होंने शिविर के माध्यम से स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने को ग्रामीणों के लिए उपयोगी बताया।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में लौट रही सामान्य जनजीवन की रौनक
उल्लेखनीय है कि ग्राम माहला पूर्व में नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। नक्सल हिंसा के भय के कारण यहां के ग्रामीण अपने पैतृक गांव से पलायन कर पखांजूर में बस गए थे। परिस्थितियों में सुधार के बाद ग्रामीण अब पुनः अपने पैतृक गांव लौटकर बसने लगे हैं। जिला प्रशासन द्वारा गांव में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम माहला में सेवा सेतु शिविर के साथ मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा ग्रामीणों के लिए सोनोग्राफी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचों की सुविधा प्रदान की गई। इससे ग्रामीणों को अपने गांव के नजदीक ही स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ मिला। माहला में आयोजित यह शिविर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा सामान्य जनजीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।



