मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर सख्ती, कांकेर पुलिस की कार्रवाई जारी।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशानुसार जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सितंबर माह में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों में लगाए गए 75 से अधिक अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए।
दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू की उपस्थिति में यातायात प्रभारी श्री दीपक साव एवं यातायात पुलिस टीम द्वारा कोड़ेजूंगा चौक पर जब्त साइलेंसरों को रोलर चलाकर नष्ट किया गया।
मॉडिफाइड साइलेंसरों से निकलने वाली तेज एवं कर्कश आवाज ध्वनि प्रदूषण का कारण बनने के साथ ही आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों एवं बुजुर्गों को परेशान करती है। अचानक होने वाला तेज शोर वाहन चालकों का ध्यान भटका सकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है।
📢 कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आम नागरिक मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज एवं कर्कश आवाज से उत्पात मचाने वाले वाहनों की सूचना वाहन नंबर सहित वीडियो के माध्यम से यातायात पुलिस कांकेर के मोबाइल नंबर 9479192979 पर भेज सकते हैं।




