कई दिनों से नहीं मिला कोई सुराग, पुलिस और प्रशासन से मदद की अपील
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के सावनार निवासी मजदूर युवक कमलेश कुरसम तेलंगाना के मुलुगु जिले के एटूरनगरम से लापता हो गया है। युवक के लापता होने के बाद से परिजन परेशान हैं और उसकी तलाश के लिए पुलिस एवं श्रम विभाग से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश कुरसम पिता नरैया कुरसम, निवासी पटेलपारा, सावनार, मजदूरी करने अपने दो साथियों रघु कुरसम और पायकू कोरसा के साथ तेलंगाना गया था। बताया गया कि तीनों युवक 10 या 11 अगस्त को काम के सिलसिले में तेलंगाना पहुंचे थे।
काम खत्म होने के बाद तीनों एटूरनगरम में ऑटो से बस स्टैंड पहुंचे। वहां कमलेश ने अपने दोनों साथियों से कहा कि वे आगे चले जाएं, वह बाद में आएगा। इसके बाद रघु कुरसम और पायकू कोरसा 21 अगस्त को बीजापुर लौट आए, लेकिन कमलेश घर नहीं पहुंचा। तब से परिजन उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस और श्रम विभाग से मांगी मदद
कमलेश के लापता होने से चिंतित परिजन बीजापुर कोतवाली थाना पहुंचे। पुलिस की ओर से श्रमिक से संबंधित मामला होने के कारण विधिवत प्रक्रिया पूरी करने के लिए श्रम विभाग में आवेदन देने को कहा गया। इसके बाद युवक के पिता ने श्रम विभाग में लिखित आवेदन देकर बेटे की तलाश में मदद मांगी। आवेदन की प्रतिलिपि लेने के लिए परिजन दोबारा कोतवाली थाना पहुंचे, जहां उन्हें आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिला।
तेलंगाना पुलिस से समन्वय की मांग
रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी यह मामला चिंता बढ़ा रहा है। कमलेश के परिजनों ने जिला प्रशासन और बीजापुर पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने तेलंगाना पुलिस से समन्वय स्थापित कर लापता युवक की जल्द तलाश करने तथा उसकी स्थिति की जानकारी परिवार तक पहुंचाने की अपील की है।
आवेदन के दौरान मौजूद रहे परिजन व जनप्रतिनिधि
श्रम विभाग में आवेदन देने के दौरान कमलेश के पिता नरैया कुरसम, माता बंडी कुरसम, पूर्व सरपंच पदेडा गुड्डू कोरसा और लक्ष्मण मौजूद रहे।



