Home Blog जिले में 10,713 किशोरियों का हुआ एचपीवी टीकाकरण

जिले में 10,713 किशोरियों का हुआ एचपीवी टीकाकरण

0
जिले में 84 प्रतिशत लक्ष्य पूरा, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अभियान जारी

रायगढ़, जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत 10,713 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। जिले में 12,768 किशोरियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके विरुद्ध 84 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। अभियान के अंतर्गत निर्धारित 2,196 टीकाकरण सत्रों में से 1,976 सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। इस प्रकार जिले में नियोजित सत्रों में से 90 प्रतिशत का आयोजन पूरा हो चुका है।

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार अभियान के प्रभावी संचालन के लिए स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के साथ मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ता, एएनएम, मितानिन और शिक्षक समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। टीकाकरण सत्रों से पहले किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के लाभ, सुरक्षा तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी जा रही है। जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से टीकाकरण के प्रति भरोसा बढ़ाने और पात्र किशोरियों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जा रहा है। विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार लोइंग में 103 प्रतिशत, धरमजयगढ़ में 102 प्रतिशत और घरघोड़ा में 100 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज दर्ज किया गया है। इन क्षेत्रों में लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण पूरा करने के साथ निर्धारित लक्ष्य से अधिक कवरेज भी दर्ज हुआ है।

Ro.No - 14097/148
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में सहायक है एचपीवी वैक्सीन

एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अनिल कुमार जगत ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक है। एचपीवी वैक्सीन इस संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र किशोरियों का टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने में सहायक होता है। जिले में शेष पात्र किशोरियों तक पहुंचने के लिए टीकाकरण सत्रों का आयोजन और जनजागरूकता गतिविधियां जारी हैं। स्वास्थ्य विभाग का जोर अभियान के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करते हुए पात्र किशोरियों को टीकाकरण का लाभ उपलब्ध कराने पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here