Home Blog विजयदशमी पर रायगढ़ पुलिस लाइन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र...

विजयदशमी पर रायगढ़ पुलिस लाइन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ शस्त्र पूजन

0
🚨 एसएसपी शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों ने की मां भगवती की आराधना,परंपरानुसार हुई हर्ष फायरिंग

रायगढ़ । बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक विजयदशमी पर्व के अवसर पर रायगढ़ पुलिस लाइन में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक एवं वैदिक विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह की उपस्थिति में एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, एडिशनल एसपी ट्रैफिक श्री पुष्पेंद्र सिंह बघेल सहित जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शस्त्र पूजन में भाग लिया।

शस्त्र पूजन से पूर्व पुलिस के सभी अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों की विधिवत साफ-सफाई कर उन्हें सुसज्जित रूप से पूजा स्थल पर रखा गया। इसके पश्चात मां भगवती की आराधना करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अस्त्र-शस्त्रों एवं वाहनों का पूजन किया गया। परंपरा के अनुसार देवी को प्रसन्न करने के लिए राखिया फल की बलि भी दी गई। पूजन के पश्चात विजयदशमी की परंपरा का निर्वहन करते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह सहित उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों ने हर्ष फायरिंग की।

Ro.No - 14097/148

इस अवसर पर डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, सीएसपी श्री राहुल उइके, डीएसपी श्री रोहित शुक्ला, श्री उत्तम प्रताप सिंह, श्री सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक श्री अमित सिंह, कोतवाली निरीक्षक श्री अमित तिवारी सहित पुलिस लाइन का समस्त अमला उपस्थित रहा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों को दी विजयदशमी की शुभकामनाएं

इस अवसर पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने समस्त जिलेवासियों को विजयदशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विजयदशमी सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक है। उन्होंने जिलेवासियों से आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ हर्षोल्लासपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि रायगढ़ पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर है।

जिले के सभी थाना-चौकियों में भी हुआ शस्त्र पूजन

विजयदशमी के अवसर पर रायगढ़ जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में भी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अस्त्र-शस्त्रों की साफ-सफाई कर विधिवत शस्त्र पूजन किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परंपरा का निर्वहन करते हुए जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here