सरपंच कमोद धीवर की रही विशेष योगदान
प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिनौरी में सतनाम अमर ज्योति संस्था के तत्वावधान में भव्य छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर कार्यक्रम का आनंद उठाया। इस कार्यक्रम को लेकर सरपंच कमोद धीवर का विशेष योगदान रहा जिसके फल स्वरुप यह कार्यक्रम सफल रहा।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ी लोकगीतों, पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू और लोक परंपराओं को जीवंत किया। प्रस्तुतियों के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
सतनाम अमर ज्योति संस्था का यह आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति और लोक परंपराओं को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल रहा। ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम ने ग्राम बिनौरी में उत्सव जैसा माहौल बना दिया। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि चंद्र प्रकाश सूर्या पृथ्वी पाल राय सत्कली बावरे तथा अन्य लोगों के साथ भारी संख्या में ग्रामीण जनों की उपस्थिति रही।



