शांति समिति के बैठक के प्रस्ताव अनुरूप धार्मिक आयोजनों में अनुशासन एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मिला प्रोत्साहन।
धुमाल, डीजे एवं प्रेशर हॉर्न जैसे तेज ध्वनि वाले साधनों से परहेज कर निर्धारित समय से पूर्व विसर्जन संपन्न कराने वाली समितियों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर किया गया सम्मानित।
कांकेर पुलिस द्वारा जिले में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, व्यवस्थित तथा निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर श्री हरीश पाटिल द्वारा दुर्गा विसर्जन के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने, निर्धारित समय-सीमा का पालन करने तथा धार्मिक आयोजनों की सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने में सहयोग प्रदान करने वाली चार दुर्गोत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इन चार समितियों को किया गया सम्मानित
1. श्री श्री कालिका महोत्सव समिति, राजापारा।
2. श्री श्री संगम दुर्गोत्सव समिति।
3. नवजोत दुर्गोत्सव समिति, आमापारा
4. जवाहर वार्ड दुर्गोत्सव समिति,आंग्ल वैदिक स्कूल।
उक्त समितियों द्वारा दुर्गा विसर्जन के दौरान धुमाल, डीजे एवं प्रेशर हॉर्न जैसे तेज ध्वनि वाले साधनों के उपयोग से संबंधित प्रतिबंधों एवं पुलिस प्रशासन की समझाइश का पालन करते हुए विसर्जन कार्यक्रम निर्धारित समय से पूर्व संपन्न कराया गया। समितियों द्वारा ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने तथा विसर्जन को सांस्कृतिक स्वरूप में संपन्न कराने के लिए किए गए सहयोग की कांकेर पुलिस ने सराहना की।
इस अवसर पर सम्मानित समितियों के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कांकेर पुलिस ने भी समितियों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में आयोजित होने वाले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इसी प्रकार जिम्मेदारी एवं सहयोग की भावना बनाए रखने की अपेक्षा की है।




