बोलेरो-बस भिड़ंत में खोंगापानी की महिला की मौत, घायलों से मिलकर जाना हाल; बिहारपुर स्वास्थ्य केंद्र के लिए नई एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी
एमसीबी/बैकुंठपुर। केल्हारी के भीषण बस हादसे का दर्द अभी कम भी नहीं हुआ था कि रविवार सुबह एक और सड़क दुर्घटना ने क्षेत्र को झकझोर दिया। कोरिया जिले के ग्राम नगर और एमसीबी जिले के उजियारपुर के बीच जामदुवारी जंगल में बस और बोलेरो की जोरदार भिड़ंत में खोंगापानी निवासी 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि बोलेरो सवार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही भरतपुर-सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह घायलों का हाल जानने जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचीं।
कुदरगढ़ दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत खोंगापानी से 11 लोग बोलेरो में सवार होकर कुदरगढ़ माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। रविवार सुबह करीब सात बजे जामदुवारी जंगल में रांची की ओर से आ रही बस से उनकी बोलेरो टकरा गई। दुर्घटना में 24 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार जिला अस्पताल बैकुंठपुर में जारी है।
घायलों से मुलाकात, बेहतर उपचार के निर्देश
अस्पताल पहुंचीं विधायक रेणुका सिंह ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार और स्वास्थ्य विभाग उनके साथ हैं तथा घायलों के इलाज में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
दुख की घड़ी में परिजनों को बंधाया ढांढस, स्वास्थ्य सुविधाओं को भी दी मजबूती
विधायक ने दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। इसी दौरान उन्होंने जिला अस्पताल बैकुंठपुर में एमसीबी जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिहारपुर के लिए नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।




