आयुर्वेद एवं होम्योपैथी पद्धति से दी गई निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, 105 लोगों का रक्त परीक्षण
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने किया मेले का शुभारंभ, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील

रायगढ़, आम नागरिकों को सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को कौहाकुंडा पहाड़ मंदिर के पास प्राथमिक शाला परिसर में जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। नगर निगम के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर स्वास्थ्य मेला का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, स्थानीय पार्षद सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति हमारी प्राचीन और समृद्ध चिकित्सा परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आयुर्वेद, योग एवं होम्योपैथी के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सकता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खानपान, नियमित दिनचर्या और योग को अपनाना बेहद जरूरी है। ऐसे स्वास्थ्य मेले आम नागरिकों को एक ही स्थान पर निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी करते हैं। उन्होंने लोगों से आयुष चिकित्सा पद्धतियों का लाभ लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. मीरा भगत के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले में कुल 635 मरीजों का निःशुल्क उपचार कर औषधियों का वितरण किया गया। इनमें आयुर्वेद पद्धति से 560 तथा होम्योपैथी पद्धति से 75 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा 105 लोगों का रक्त परीक्षण किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से गुडूची काढ़ा भी पिलाया गया। शिविर प्रभारी डॉ. विजयलक्ष्मी चंद्रा ने आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता एवं वैज्ञानिक महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि आयुर्वेद में रोगों के उपचार के साथ ही उनकी रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली पर विशेष जोर दिया जाता है। उन्होंने पंचकर्म चिकित्सा, खानपान में सावधानी तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व के बारे में भी बताया।
मेले में नशामुक्ति, योग परामर्श, औषधीय द्रव्य प्रदर्शनी एवं जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के संबंध में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, वात रोग, ऋतुचर्या एवं योगाभ्यास से संबंधित जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई। इस दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को नियमित दिनचर्या अपनाने, खानपान में सावधानी बरतने तथा बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. राय चौधरी, डॉ. विभा, डॉ. सक्सेना, डॉ. कुणाल पटेल, डॉ. अजय नायक, डॉ. रविशंकर पटेल, डॉ. नरसिंह पटेल, डॉ. शेख सादिक, डॉ. संजीव पटेल, डॉ. गरिमा, डॉ. निकिता, डॉ. प्रियंका, डॉ. विकास, डॉ. संतोष, डॉ. अनिल, डॉ. यज्ञशेनी, डॉ. गौरी सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।




