थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा सहित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने देखा लाइव प्रसारण, राष्ट्रीय एकता का लिया संकल्प
प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी। भारत के लौह पुरुष एवं देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में मस्तूरी थाना परिसर में भी एकता दिवस के महापर्व पर मस्तूरी थाना द्वारा लाइव प्रसारण का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
इस अवसर पर मस्तूरी थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा अपने स्टॉप सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की उपस्थिति रही। सभी ने एक साथ बैठकर लाइव प्रसारण देखा और सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल के जीवन, उनके संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका को स्मरण किया गया। उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संदेश दिया गया।
थाना परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग और आम नागरिकों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का सुंदर संदेश दिया। थाना प्रभारी के साथ स्टॉप के सदस्यों ने तथा उपस्थित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझते हुए देश की अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया।




