
प्रमोद अवस्थी मस्तूरी
मस्तूरी । सांदीपनी पब्लिक स्कूल पेंड्री के विद्यार्थियों ने केपीएस कोनी, बिलासपुर में आयोजित दो दिवसीय एस्ट्रालिस एआई हैकाथॉन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “आज के विचार, कल का प्रभाव – एआई के साथ अपने विचारों को उड़ान दें” रखा गया था। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, तकनीकी नवाचार और रचनात्मकता पर आधारित कुल 17 स्पर्धाएं आयोजित की गईं। इनमें रोबो क्लैश, एआई नैतिकता बहस, साइबर सुरक्षा ट्रिविया, कैनवस एआई, कोड मैट्रिक्स, बगहंट, टेक टॉक, एआई ट्रेजर हंट सहित कई रोचक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।
इस प्रतिष्ठित आयोजन में सांदीपनी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण पुरस्कार हासिल किए। तन्मय राजेश वाघमारे ने कैनवस एआई स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं के. भास्कर ने कोड मैट्रिक्स लेवल-2 में द्वितीय तथा अस्मित पटेल ने कोड मैट्रिक्स लेवल-1 में तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा कुणाल मंडावी एवं दिव्यांश राजेश वाघमारे ने टाई एंड डाई तथा आयुष डहरिया ने कोड मैट्रिक्स स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य देबोज्योति मुखर्जी ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार, तार्किक सोच और रचनात्मक क्षमता विकसित करने का बेहतर माध्यम हैं।
यह सफलता विद्यालय की आईटी शिक्षिका सुश्री मोनिषा चक्रवर्ती के कुशल मार्गदर्शन एवं विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं प्रदान किया तथा इस उपलब्धि पर विद्यालयपरिवार में हर्ष का माहौल है।



