दिनांक 03 से 06 नवंबर 2026 तक कांकेर में एनएसजी द्वारा आयोजित की जाएगी मॉक ड्रिल।
आगामी दिनांक 03 नवंबर से 06 नवंबर 2026 तक राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड द्वारा कांकेर जिले में आयोजित की जाने वाली मॉक ड्रिल के संबंध में आज दिनांक 02 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला प्रशासन, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, होमगार्ड, सीमा सुरक्षा बल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में प्रस्तावित मॉक ड्रिल की कार्ययोजना, विभिन्न एजेंसियों की भूमिका, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, रेस्क्यू ऑपरेशन तथा विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) द्वारा आतंकवादी हमले, बंधक बनाए जाने जैसी गंभीर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, त्वरित कार्रवाई करने तथा नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए समय-समय पर विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की जाती हैं।
मॉक ड्रिल के दौरान कांकेर स्थित सीटीजेडब्ल्यू कॉलेज एवं उससे लगे क्षेत्र के कुछ ग्रामों, जिनमें आतुरगांव, कुलगांव, गढ़ पिछवाड़ी आदि शामिल हैं, में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार ऑपरेशनल गतिविधियां एवं अभ्यास किए जाएंगे।
कांकेर पुलिस द्वारा संबंधित ग्रामों के नागरिकों को सूचित किया जाता है कि दिनांक 03 से 06 नवंबर 2026 के मध्य प्रस्तावित गतिविधियां राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की पूर्व निर्धारित मॉक ड्रिल एवं सुरक्षा अभ्यास का हिस्सा हैं। यह एक नियमित सुरक्षा पूर्वाभ्यास है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी एवं कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ करना है।
नागरिकों से अपील है कि इस दौरान होने वाली गतिविधियों को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, अपुष्ट सूचनाएं अथवा फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें तथा पुलिस एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।



