उत्तर बस्तर कांकेर, छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले के सभी सात विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बस्तर ओलंपिक के तहत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित कुल 11 खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ सीनियर वर्ग की महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
विकासखंडवार आयोजन की तिथि एवं स्थल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चारामा विकासखंड में 3 एवं 4 नवंबर को मिनी स्टेडियम चारामा में, अंतागढ़ में 3 एवं 4 नवंबर को उन्मुक्त खेल मैदान में तथा भानुप्रतापपुर में 3 एवं 4 नवंबर को हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसी प्रकार नरहरपुर में 3 एवं 4 नवंबर को उन्मुक्त खेल मैदान में तथा दुर्गूकोंदल में 3 एवं 4 नवंबर को उन्मुक्त खेल मैदान में प्रतियोगिताएं होंगी। इसी प्रकार कांकेर विकासखंड में 4 एवं 5 नवंबर को खेल मैदान सिंगारभाट तथा कोयलीबेड़ा विकासखंड में 4 एवं 5 नवंबर को खेल मैदान पखांजूर में बस्तर ओलंपिक की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बस्तर ओलंपिक ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। इसके माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान मिलने के साथ ही युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा उन्हें भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरणा मिलेगी। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खिलाड़ियों से बस्तर ओलंपिक में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।


