15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को मिलेगा सम्मानित होने का अवसर
उत्तर बस्तर कांकेर, राज्य शासन द्वारा प्रदेश के युवाओं एवं स्वैच्छिक संगठनों को सामाजिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रोत्साहित करने तथा राज्य स्तर पर पहचान प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित युवा रत्न सम्मान योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर से बढ़ाकर अब 15 नवंबर कर दी गई है। योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष एक स्वैच्छिक संगठन तथा 14 विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक-एक उत्कृष्ट युवा को सम्मानित किए जाने का प्रावधान है। चयनित स्वैच्छिक संगठन को पदक, प्रमाणपत्र के साथ 05 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं उत्कृष्ट युवा को 02 लाख 50 हजार रुपये तथा युवा रत्न सम्मान के लिए चयनित अन्य प्रत्येक युवा को 01 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
जिला खेल अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार योजना के तहत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवा एवं स्वैच्छिक संगठनों से पूर्व में 01 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अधिक से अधिक पात्र युवाओं एवं संगठनों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर निर्धारित की गई है। प्राप्त आवेदनों का जिला स्तरीय चयन निर्णायक समिति द्वारा नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। इसके पश्चात पात्र आवेदनों को राज्य स्तरीय चयन के लिए अनुशंसित किया जाएगा। इच्छुक पात्र युवा एवं स्वैच्छिक संगठन अपने आवेदन जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण कार्यालय कांकेर में निर्धारित तिथि तक जमा कर सकते हैं।



