Home Blog बिटिया एट द वर्क अभियान के तहत 40 बालिकाओं ने किया शासकीय...

बिटिया एट द वर्क अभियान के तहत 40 बालिकाओं ने किया शासकीय कार्यालयों का शैक्षणिक भ्रमण

0
महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं की कार्यप्रणाली और अधिकारों की मिली जानकारी

उत्तर बस्तर कांकेर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत संचालित बिटिया एट द वर्क अभियान के तहत जिला महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कांकेर की कक्षा 11वीं की 40 बालिकाओं को विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं महिला तथा बाल संरक्षण से संबंधित संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण का उद्देश्य बालिकाओं को महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा, संरक्षण, कानूनी सहायता तथा शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने थाना स्थित महिला सेल, मिशन शक्ति, नवा बिहान, चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), बाल संरक्षण इकाई तथा सखी वन स्टॉप सेंटर का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें इन संस्थानों की कार्यप्रणाली तथा जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता सेवाओं की जानकारी दी।

Ro.No - 14097/148

इस दौरान महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा से संरक्षण, कानूनी सहायता, परामर्श, चिकित्सा सुविधा एवं संकटग्रस्त बच्चों के संरक्षण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा, जागरूकता और आत्मविश्वास के माध्यम से वे अपने अधिकारों के प्रति सजग बने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्हें बताया गया कि हिंसा, उत्पीड़न, बाल विवाह अथवा किसी भी संकट की स्थिति में संबंधित विभागीय इकाइयों और हेल्पलाइन सेवाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस शैक्षणिक भ्रमण से बालिकाओं को शासकीय संस्थानों की वास्तविक कार्यप्रणाली समझने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा भविष्य में आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिका, मिशन शक्ति की टीम एवं नवा बिहान के बाल संरक्षण अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here