मनेंद्रगढ़/एमसीबी।
देशभर में महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और नेतृत्वकारी भूमिका में आगे बढ़ाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आज महिलाएं राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, सुरक्षा और समाज सेवा जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परचम लहरा रही हैं। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले में भी महिला सशक्तीकरण की यह तस्वीर बेहद प्रभावशाली रूप में देखने को मिल रही है, जहां सत्ता से लेकर प्रशासन तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां महिला शक्तियों के हाथों में हैं।
एमसीबी जिले में राजनीति से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था तक महिलाओं की प्रभावशाली उपस्थिति समाज में नई प्रेरणा का संचार कर रही है। जिले के भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व पूर्व केंद्रीय मंत्री भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री रह चुकीं रेणुका सिंह कर रही हैं। वे आदिवासी समाज की एक मजबूत और प्रभावशाली महिला नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी अलग पहचान रखती हैं। सांसद एवं केंद्रीय मंत्री रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास, महिलाओं के उत्थान और जनहित से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाया। वर्तमान में विधायक के रूप में भी वे लगातार क्षेत्र की समस्याओं और जनभावनाओं को विधानसभा में मजबूती से रखते हुए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को गति देने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
*स्थानीय स्वशासन में भी महिलाओं की मजबूत भागीदारी*
जिला पंचायत एमसीबी की अध्यक्ष के रूप में वनांचल क्षेत्र से आने वाली श्रीमती यशवंती सिंह नेतृत्व कर रही हैं। वहीं मनेंद्रगढ़ जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती जानकी बाई खुसरो हैं। जिले की एकमात्र नगर पालिका मनेंद्रगढ़ की अध्यक्षता श्रीमती प्रतिमा यादव कर रही हैं। इसके साथ ही नगर पंचायत खोगापानी एवं झगराखांड में क्रमशः श्रीमती ललिता यादव और श्रीमती रीमा यादव जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं।
*जिला प्रशासन की कमान महिला शक्ति के हाथ*
यदि प्रशासनिक व्यवस्था की बात करें तो जिले की कमान 2016 बैच की आईएएस अधिकारी संतन जांगड़े कलेक्टर के रूप में संभाल रही हैं। वहीं पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारी रत्ना सिंह पुलिस अधीक्षक के रूप में प्रभावी ढंग से निभा रही हैं। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत एमसीबी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में श्रीमती अंकिता सोम शर्मा भी प्रशासनिक कार्यों का सफल संचालन कर रही हैं।
एमसीबी जिले में महिलाओं की यह सशक्त उपस्थिति न केवल प्रशासन और राजनीति में उनकी बढ़ती भूमिका को दर्शाती है, बल्कि समाज में बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा भी दे रही है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता, नेतृत्व और कार्यकुशलता का परिचय देते हुए समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान निभा रही हैं।
महिला सशक्तीकरण का यह उदाहरण निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादायी है और आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देता है कि अवसर और नेतृत्व क्षमता किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि महिलाएं भी हर जिम्मेदारी को सफलतापूर्वक निभाने में सक्षम हैं।



