Home छत्तीसगढ़ छपरवा से शुरू सुशासन तिहार-2026: जंगल-पहाड़ के आखिरी छोर तक पहुंचा प्रशासन,...

छपरवा से शुरू सुशासन तिहार-2026: जंगल-पहाड़ के आखिरी छोर तक पहुंचा प्रशासन, 277 आवेदन, 19.19 लाख से होगा स्वास्थ्य केंद्र उन्नयन

0

मुंगेली जिला से हरजीत भास्कर की रिपोर्ट

 

Ro.No - 13759/40

 

 

 

मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सुशासन को मजबूत बनाने और आम नागरिकों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में “सुशासन तिहार-2026” की शुरुआत वन ग्राम छपरवा से की गई। सुदूर वनांचल और अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आयोजित इस पहले शिविर ने प्रशासन की पहुंच को अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का मजबूत संदेश दिया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां और आवश्यक परामर्श प्रदान किया। भीषण गर्मी को देखते हुए मनियारी नीर प्याऊ के माध्यम से स्वच्छ पेयजल और शरबत की व्यवस्था भी की गई, जिससे लोगों को राहत मिली।

शिविर में आमजन से मांग और शिकायतों से जुड़े 277 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दौरान एक बड़ी घोषणा करते हुए उप स्वास्थ्य केंद्र छपरवा के उन्नयन के लिए 19.19 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई, जिससे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी।

जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है और शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन सहित अन्य योजनाओं में शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करने की अपील की।

अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा तिवारी ने जानकारी दी कि जिले में 24 ग्रामीण और 9 शहरी क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी और लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। एसडीएम पुजारी ने बताया कि पहले चरण में नागरिक अपनी शिकायत, मांग और सुझाव सीधे शिविर में दर्ज करा सकते हैं और उनके समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री और स्वीकृतियां वितरित कर लाभान्वित किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 50 हितग्राहियों को 21 लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए, वहीं 50 परिवारों को आवास की चाबी सौंपी गई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 62 हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश, मनरेगा के तहत 5 लोगों को जॉब कार्ड, वृद्धा और मुख्यमंत्री पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए गए।

इसके अलावा बच्चों को आधार कार्ड, सुपोषण टोकरी, नोनी सुरक्षा बांड, विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए। मछली पालन विभाग द्वारा नाव, जाल और आइस बॉक्स प्रदान किए गए, वहीं नए राशन कार्ड और केसीसी के तहत 5.07 लाख रुपये के चेक भी वितरित किए गए। कृषकों को बीज, आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड और आभा आईडी कार्ड भी दिए गए। उद्यानिकी विभाग द्वारा पौधों का वितरण किया गया।

शिक्षा विभाग ने भी प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कक्षा 10वीं के प्रेमसागर सोनी और 12वीं की सुमन ध्रुव को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे शिविर में उत्साह और सहभागिता का माहौल बना रहा।

सुशासन तिहार के तहत अगला शिविर 5 मई को मुंगेली विकासखंड के ग्राम सुरदा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें आसपास के कई गांवों के ग्रामीण शामिल होकर योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here