रिपोर्टर सतीश शुक्ला लैलूंगा
लैलूंगा/रायगढ़ लैलूंगा। जनपद पंचायत लैलूंगा अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 2026 के तहत शुक्रवार को बुढ़वारी बाजार मैदान लैलूंगा में भव्य सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लैलूंगा विधानसभा की विधायक विद्यावती सिदार बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन एकीकृत बाल विकास परियोजना लैलूंगा के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वर-वधू, उनके परिजन एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक विद्यावती सिदार का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में संपन्न कराई गईं।
अपने संबोधन में विधायक विद्यावती सिदार ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है। इस योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता मिलने से परिवारों को राहत मिलती है तथा समाज में सामूहिक विवाह की सकारात्मक परंपरा को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास एवं सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी शासन की योजनाओं की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सी ,ई,ओ,प्रीति नायडू जनपद अध्यक्ष ज्योति भगत उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वीरेन्द्र शाह ,भा ज पा मुकडेगा मंडल अध्यक्ष संजय पटेल ,जिला युवा मोर्चा से कृष्णा यादव , भाजपा नेता सुखदेव सिदार,सरपँच संघ अध्यक्ष शिवप्रकाश भगत,समाजसेवी गायत्री परिवार लैलूंगा से गोपाल मित्तल, कार्यक्रम दौरान सफल मंच संचालन कर्ता कान्हूराम गुप्ता सहित महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह एवं हर्षोल्लास का वातावरण देखने को मिला।



