कलेक्टर ने रक्तदाताओं को वितरित किया प्रमाण पत्र
उत्तर बस्तर कांकेर, 14 जून 2024/विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर ‘चलो करें रक्तदान, बने हम देश का अभिमान’ की थीम पर कलेक्टर सह अध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी जिला कांकेर श्री नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर के निर्देशानुसार आज मातृ एवं शिशु अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने रेड क्रॉस के संस्थापक हेनरी डुनैंट की छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन शिविर का शुभारंभ किया गया।
मातृ एवं शिशु अस्पताल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपने उद्बोधन में मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट एवं स्टाफ को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने बताया कि आज मेडिकल कॉलेज में सभी छात्रों के बीच आकर मुझे भी अपने कॉलेज के दिन आज याद आ गए। उन्होंने कॉलेज के समय की एक रक्तदान से जुड़ी एक स्मृति साझा किया। उन्होंने कहा कि सभी को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान के लिए किसी भी प्रकार की प्रोत्साहन राशि आदि की प्रथा नहीं होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार रक्तदान ऐच्छिक होनी चाहिए, इसमें किसी प्रकार की प्रोत्साहन राशि आदि की परंपरा से हमें बचना चाहिए। कुछ लोगों में रक्तदान को लेकर अनेक प्रकार के भ्रांतियां हैं, लोगों के रक्तदान से अन्य लोग भी ब्लड डोनेशन के लिए प्रेरित होंगे। मेडिकल प्रोफेशन अपने आप में सेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। इस दौरान कलेक्टर ने अपना रक्त जांच करवाया एवं रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र बांटे।
रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव सह सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि रक्तदान करना जीवनदान जैसा है, हमारा एक यूनिट ब्लड तीन लोगों की जिंदगी बचा सकता है। कर्नल सुरेंदर हल्सवाल एनसीसी कांकेर, टी आर देवांगन डिप्टी कलेक्टर सहित एनसीसी कैडेट्स, मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट, पुलिस कर्मी, नगर के व्यवसायी एवं आम नागरिकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। शहर के साथ ही सीएचसी चारामा एवं भानुप्रतापपुर में भी रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शाम 5ः00 बजे तक की स्थिति में 116 लोगों ने रक्तदान कर लिया था।
इस अवसर पर मंच संचालन श्री पवन सेन, जिला समन्वयक रेडक्रॉस ने किया। अवसर पर मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता, प्रोफेसर, चिकित्सा विशेषज्ञ, ब्लड कलेक्शन यूनिट के स्वास्थ्य कर्मी, रेडक्रॉस सोसाइटी के राज्य मेंबर, वालेंटियर एवं बड़ी संख्या में मेडिकल स्टूडेंट उपस्थित रहे।



