Home Blog शिविरों के नाम पर गुमराह बीजापुर में विकास कार्य अटके, सरपंच संघ...

शिविरों के नाम पर गुमराह बीजापुर में विकास कार्य अटके, सरपंच संघ ने दी 7 दिन की चेतावनी

0

बीजापुर@ रामचन्द्रम एरोला – जिला सरपंच संघ बीजापुर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 14 अप्रैल को आयोजित ग्राम सभाओं में अनुमोदित निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति देने की मांग की है। संघ का कहना है कि पंचायत चुनाव को एक वर्ष पूर्ण हो चुका है, इसके बावजूद कई पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य अब तक लंबित हैं। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार पुल-पुलिया, सीसी सड़क, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी भवन और मिट्टी-मुरम सड़क जैसे आवश्यक निर्माण कार्य स्वीकृति के अभाव में शुरू नहीं हो पा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है और जनप्रतिनिधियों पर दबाव बन रहा है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि बारिश का मौसम नजदीक है, ऐसे में निर्माण कार्यों को जल्द मंजूरी देकर शुरू कराया जाना आवश्यक है, ताकि ग्रामीणों को समय पर सुविधा मिल सके और विकास कार्य प्रभावित न हों। संघ ने ग्राम सभा में पारित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

जिला अध्यक्ष संदीप तेलाम ने बताया कि जिलेभर के सरपंचों ने कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पंचायतों में कोई ठोस निर्माण कार्य नहीं हो रहा है। यदि 7 दिनों के भीतर कार्यों को स्वीकृति नहीं दी गई तो सरपंच संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

Ro.No - 13759/40

संघ के सचिव चन्द्रैया पोटाम ने कहा कि निर्वाचित हुए एक वर्ष बीतने के बाद भी क्षेत्र में लोगों की मांगों के अनुरूप कार्य नहीं मिल रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। कलेक्टर द्वारा इस संबंध में जनपद स्तर से कार्य स्वीकृत करने का आश्वासन दिया गया है।

गंगालूर की सरपंच पायल हेमला ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि काम नहीं मिलने से ग्रामीणों में असंतोष है और इसका सामना जनप्रतिनिधियों को करना पड़ रहा है।

बुर्जी की सरपंच सरिता हेमला ने बताया कि उनके पंचायत क्षेत्र के 12 गांवों में से केवल 2 गांवों तक ही सड़क पहुंची है। कई गांवों में अब तक सर्वे नहीं हुआ है और कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह ठेकेदारों द्वारा बिना जानकारी के काम किया जा रहा है, जिससे कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
सरपंच संघ ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर लंबित निर्माण कार्यों को स्वीकृति देने की मांग की है, ताकि बारिश से पहले आवश्यक कार्य पूरे किए जा सकें और ग्रामीणों को राहत मिल सके।

इस दौरान जिले भर के बड़ी संख्या में सरपंच मौजूद रहे ‌

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here