*प्रमोद अवस्थी मस्तूरी*
मस्तूरी। कलेक्ट्रेट स्थित मंथन सभाकक्ष, जिला कार्यालय बिलासपुर में आयोजित जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) परिषद की महत्वपूर्ण बैठक में मस्तूरी विधायक एवं विधानसभा उपसचेतक *दिलीप लहरिया* सम्मिलित हुए।
बैठक में विधायक *दिलीप लहरिया* ने मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से उठाए। उन्होंने मस्तूरी मुख्यालय में लगभग 01 करोड़ रुपये की लागत से जनपद पंचायत कार्यालय एवं मस्तूरी मुख्यालय में सर्व सुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण कार्य की मांग रखते हुए क्षेत्र में बेहतर अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही मस्तूरी एवं सीपत स्वास्थ्य विभाग में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ रख-रखाव, वन विभाग अंतर्गत वन परिक्षेत्र खोंधरा में वन्य जीव-जंतुओं की सुरक्षा तथा नगर पंचायत मल्हार एवं नगर निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 42 एवं 43 में विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों के लिए विशेष रूप से मांग प्रस्तुत किये।
विधायक *दिलीप लहरिया* ने बैठक में कहा कि जिला खनिज न्यास (DMF) की ज्यादा से ज्यादा राशि का उपयोग मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, अधोसंरचना एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में किया जाना चाहिए, ताकि खनिज प्रभावित एवं ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच सके।
उन्होंने यह भी कहा कि DMF की राशि का उपयोग प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी तरीके से सुनिश्चित कर मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देना अत्यंत आवश्यक है। इससे आमजन का जीवन स्तर बेहतर होगा तथा ग्रामीण एवं खनिज प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी। लोकप्रिय विधायक दिलीप लहरिया के प्रयास को लेकर क्षेत्र के लोगों ने विधायक का आभार जताया।



