बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – नक्सल प्रभावित एवं दुर्गम क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को परखने और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर संबित मिश्रा एवं जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने मंगनार से आश्रित ग्राम बोधघाट तक व्यापक क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने लगभग 10 किलोमीटर दोपहिया एवं 5 किलोमीटर पैदल यात्रा कर ग्राम गुण्डा से बुड्डुगुफा होते हुए तुलार गुफा (ग्राम पंचायत गुवाल) का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान बुड्डुगुफा एवं तुलार गुफा तक पहुंच मार्ग की स्थिति का जायजा लिया गया तथा ग्रामीणों से सीधी चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। ग्रामीणों ने सड़क, पुल-पुलिया, उप-स्वास्थ्य केंद्र, शाला भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर द्वारा संबंधित प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया गया।
कलेक्टर ने तुलार गुफा स्थित शिव मंदिर तक श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पहुंच मार्ग निर्माण में सहयोग का भरोसा भी दिलाया, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। जिला प्रशासन की इस सक्रिय पहल से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में इसे विकास की सकारात्मक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। भ्रमण के दौरान जिला एवं जनपद पंचायत के अधिकारी, सुरक्षा बल के जवान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आपको बता दें नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने से आजाद भारत में रहकर भी इन क्षेत्रों के विकास की गति रूकी हुई थी, पहली बार प्रशासन के कलेक्टर सहित उच्च अधिकारी ग्रामीणों के बनाएं पुलिया से पार हुए , थकान के बीच चेहरों में खुशी साफ दिखी अब विकास व लोगों की मांगों पर मांगे कब होगी देखने वाली बात होगी ।



