The general assembly meeting of Janpad Panchayat Bijapur has concluded.
शासकीय योजनाओं की विभागवार समीक्षा, शिक्षा व सड़क कार्यों पर जताई नाराजगी
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – जनपद पंचायत बीजापुर की सामान्य सभा की बैठक 7 जनवरी 2026 को जनपद सभाकक्ष में अध्यक्ष सोनूराम पोटाम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद पंचायत के सीईओ पी. आर. साहू ने अध्यक्ष की अनुमति से कार्यवाही प्रारंभ करते हुए विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, समग्र शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग सहित खाद्य, सहकारिता, पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन विभाग तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों द्वारा योजनावार प्रगति की जानकारी दी गई।
जनपद सदस्यों ने नियद नेल्लानार ग्रामों में प्रशासन द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त किया तथा जल जीवन मिशन, ग्राम विद्युतीकरण और प्रधानमंत्री सड़क योजना के कार्यों में मापदंडों का पालन करते हुए शीघ्रता से कार्य पूर्ण करने का आग्रह किया।
बैठक में आश्रम छात्रावासों एवं पोटा केबिन में भोजन की गुणवत्ता एवं आवश्यक सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा की गई तथा इसमें सुधार के निर्देश दिए गए। जनपद उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी ने दूरदराज की शालाओं में शिक्षकों की अनियमित उपस्थिति एवं मध्यान्ह भोजन में अनियमितता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि रसोइयों के असहयोग के बावजूद शिक्षकों के माध्यम से मध्यान्ह भोजन संचालित किया गया।
जनपद सीईओ ने बैठक में गौधन योजना, बस्तर पंडुम, नियद नेल्लानार ग्रामों में सैचुरेशन शिविर तथा आंगनबाड़ी व शाला के बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड बनवाने हेतु पालकों को प्रेरित करने का आग्रह किया।
जनपद सदस्यों ने प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत सड़क किनारे मिट्टी खुदाई पर आपत्ति जताते हुए जिला प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराने की मांग की। वहीं जनपद अध्यक्ष ने कूप कटाई से संबंधित प्रावधानों की जानकारी समय पर ग्रामीणों को देने तथा वन अधिकार पत्र के दावों का निष्पक्ष एवं त्वरित निराकरण करने के निर्देश वन विभाग के अधिकारियों को दिए।



