BJP leader accused of abuse of power; the case of the arrest of two tribal youths escalates.
विधायक विक्रम मंडावी ने निष्पक्ष जांच व रिहाई की मांग की
बीजापुर@रामचन्द्रम एरोला – भोपालपटनम थाना क्षेत्र में दो आदिवासी युवकों की गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा नेता पर सत्ता का दुरुपयोग कर निर्दोष आदिवासी युवकों को जेल भिजवाने का आरोप लगाया है। गुरुवार को भोपालपटनम में आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक मंडावी ने बताया कि 5 जनवरी 2026 को भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बिलाल खान से मिलने आए दो आदिवासी युवक संदीप तलाण्डी एवं आत्रम रमेश को मनगढ़ंत आरोप लगाकर हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद थाना प्रभारी ने दोनों युवकों को छोड़ दिया था, लेकिन बाद में कथित राजनीतिक दबाव में झूठा मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
विधायक मंडावी ने कहा कि भाजपा नेता सत्ता के नशे में निर्दोष आदिवासियों को प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने इस घटना को आदिवासी समाज के खिलाफ साजिश बताते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही दोनों युवकों की तत्काल रिहाई की भी मांग की गई।
इस संबंध में विधायक विक्रम मंडावी ने पीड़ित परिजनों के साथ एसडीएम भोपालपटनम के माध्यम से कलेक्टर बीजापुर के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें कथित षड्यंत्र में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
प्रेस वार्ता व ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, बसंत ताटी, कामेश्वर गौतम, सत्यम के. जी., मनोज यालम, रमेश पामभोई, सुनील उद्दे, रिंकी कोरम, अशोक मडे, रवि बोरे, सवलम संटी, सुरेंद्र चापा, सरिता चापा, सुरेश सोढ़ी, अरुण वासम, पार्वती गौतम, मिच्चा समैया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



