Independence Day was celebrated with great enthusiasm in the District and Sessions Court
उत्तर बस्तर कांकेर, 16 अगस्त 2024/ जिला एवं सत्र न्यायालय कांकेर में न्यायाधीश, अधिवक्ता व न्यायिक कर्मचारियों ने 78वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री आनंद कुमार ध्रुव ने ध्वजारोहण कर सभी न्यायालयीन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित सभी न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रधान जिला न्यायाधीश ने कहा- हम सब बहुत सौभाग्यशाली हैं कि हमने स्वतंत्र भारत में जन्म लिया है। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हमारे देश को स्वतंत्र कराने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अनेकों बलिदान दिए हैं। हमें स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का सत्यनिष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। हमेशा ऐसे कार्य करने चाहिए जिससे कि देश की स्वतंत्रता एवं अखण्डता बनी रहे और देश उत्तरोत्तर विकास करता रहे।



