18 मई से कांकेर में शुरू होगा निःशुल्क समर कैंप, कला-संगीत से करियर मार्गदर्शन तक मिलेंगे अवसर
उत्तर बस्तर कांकेर 15 मई 2026/ कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री हरेश मंडावी के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित शहीद रामकुमार यादव शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कांकेर में “नन्हे सितारे फन एंड लर्न समर कैंप 2026” का आयोजन 18 से 30 मई तक किया जाएगा। जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यह अभिनव और रचनात्मक समर कैंप कक्षा 6वीं से 10वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
इस समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों की अंतरनिहित प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनकी सृजनात्मक क्षमता को विकसित करना तथा कला, संस्कृति, व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से उनमें आत्मविश्वास का निर्माण करना है। जिला प्रशासन की यह पहल विद्यार्थियों के लिए सीखने, अभिव्यक्ति और मनोरंजन का अनूठा संगम साबित होगी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीयन हेतु गूगल शीट जारी की गई है, वहीं ऑफलाइन पंजीयन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी 18 मई को सुबह 8 से 10 बजे तक कन्या शाला में उपस्थित होकर अपना पंजीयन करा सकेंगे। पंजीयन प्रक्रिया “पहले आओ-पहले पाओ” के सिद्धांत पर आधारित रहेगी। समर कैंप का आयोजन प्रतिदिन दो सत्रों में किया जाएगा। प्रातः कालीन सुबह 7 से 11 बजे तक तथा सायंकालीन शाम 4 से 7 बजे तक संचालित होगा। कैंप में विद्यार्थियों के लिए कला, संगीत, चित्रकला, फाइन आर्ट्स, क्राफ्ट, स्पोकन इंग्लिश, रंगोली, मेहंदी, व्यक्तित्व विकास तथा करियर मार्गदर्शन जैसी अनेक रोचक एवं ज्ञानवर्धक कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को स्थानीय ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाना प्रस्तावित है, जिससे बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव प्राप्त हो सके।
कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने जिले के विद्यार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक बच्चों को इस रचनात्मक समर कैंप से जोड़कर उनकी प्रतिभा को नई दिशा और नई उड़ान देने में सहभागी बनें। यह समर कैंप निश्चित रूप से जिले के बच्चों के सपनों, प्रतिभाओं और रचनात्मकता को नई पहचान देने वाला अभिनव प्रयास सिद्ध होगा।


