Prayas Residential School Entrance Exam Concluded; 79.11 Percent Student Attendance Recorded Across 11 Centers in the District.
रायगढ़, मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार 10 मई को रायगढ़ जिले के 11 परीक्षा केंद्रों में सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और जिला प्रशासन द्वारा सभी केंद्रों में सुरक्षा, पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं अनुशासन की बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
प्रवेश परीक्षा के लिए जिलेभर से कुल 3705 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें 1365 बालक एवं 2340 बालिकाएं शामिल थीं। परीक्षा में कुल 2931 विद्यार्थी उपस्थित रहे। इनमें 1011 बालक एवं 1920 बालिकाएं शामिल रहीं। जिले का कुल उपस्थिति प्रतिशत 79.11 दर्ज किया गया, जबकि बालिकाओं की उपस्थिति 82.05 प्रतिशत रही, जो छात्राओं की बढ़ती जागरूकता और भागीदारी को दर्शाता है।
प्रयास आवासीय विद्यालय योजना प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की एक महत्वाकांक्षी पहल है। वर्ष 2010 में रायपुर से प्रारंभ हुई यह योजना वर्तमान में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, अंबिकापुर एवं जगदलपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में संचालित हो रही है। प्रदेश में वर्तमान समय में कुल 17 प्रयास संस्थाएं संचालित हैं, जिनमें लगभग 7120 सीटें स्वीकृत हैं और 6064 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
इन विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा के साथ इंजीनियरिंग, मेडिकल, सीए/सीएस, क्लैट, एनडीए सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष कोचिंग दी जाती है। विद्यार्थियों को आवास, भोजन, गणवेश, पुस्तकें, प्रयोगशाला, खेल सामग्री एवं अन्य सभी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। साथ ही प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिमाह 2 हजार रुपए की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाती है। विद्यालयों में आधुनिक फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी एवं कंप्यूटर लैब की सुविधा उपलब्ध है। आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी, एआईआईएमएस एवं एमबीबीएस जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाती है। विशेष रूप से आईआईटी में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपए तक की सहायता राशि देने का प्रावधान किया गया है। प्रयास आवास विद्यालय से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विभागीय वेबसाईट प्रयास पोर्टल पर प्राप्त कर सकते है।



