मस्तूरी।। विगत दिनों क्षेत्र के समग्र विकास और आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विधायक *दिलीप लहरिया* के द्वारा लगातार प्रभावी पहल की जा रही है। एक ओर जहां जयरामनगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के ठहराव को पुनः प्रारंभ कराने के लिए उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के समक्ष मजबूती से मांग रखी है, वहीं दूसरी ओर वार्ड क्रमांक 43 अंतर्गत रेलवे परिसीमा में आवश्यक निर्माण कार्यों की स्वीकृति हेतु भी औपचारिक प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने जयरामनगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों के ठहराव को पुनः प्रारंभ कराने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष मजबूती से अपनी बात रखी है। विधायक दिलीप लहरिया ने पत्र के माध्यम से बताया कि पूर्व में जयरामनगर स्टेशन पर कई यात्री ट्रेनों का ठहराव होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, शासकीय कर्मचारियों एवं मरीजों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलती थी।
ठहराव बंद होने के बाद यात्रियों को जिला एवं संभाग मुख्यालय तक पहुंचने में अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ रहा है। विधायक दिलीप लहरिया ने यह भी उल्लेख किया कि जयरामनगर क्षेत्र निरंतर विकास की ओर अग्रसर है, जहां शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है, ऐसे में स्टेशन पर चयनित यात्री ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र की आवश्यकता बन गया है। जनहित को ध्यान में रखते हुए उन्होंने शीघ्र ठहराव बहाली की मांग की है।
वार्ड क्रमांक 43 में रेलवे परिसीमा अंतर्गत निर्माण कार्यों को लेकर भी मस्तूरी विधायक की सक्रिय पहल
इसी क्रम में माननीय विधायक दिलीप लहरिया ने वार्ड क्रमांक 43 बंशीलाल धृतलहरे नगर (बुटापारा) क्षेत्र में रेलवे परिसीमा अंतर्गत आवश्यक निर्माण कार्यों की स्वीकृति हेतु भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के महाप्रबंधक को पत्र प्रेषित किया है। प्रस्ताव के अनुसार साहिल खान के घर से कचरा संग्रहण केंद्र तक लगभग 300 मीटर आर.सी.सी. सड़क निर्माण तथा साहिल खान के घर से बुटापारा एनीकट तक लगभग 800 मीटर सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य की मांग की गई है।
पत्र में बताया गया है कि क्षेत्र में सड़क कच्ची एवं गड्ढों से युक्त होने के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं कामकाजी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। रेलवे परिसीमा के कारण लंबे समय से विकास कार्य लंबित थे, जिन्हें अब स्वीकृति दिलाने हेतु मस्तूरी विधायक द्वारा ठोस प्रयास किया गया है, साथ में विधायक प्रतिनिधि संतोष दुबे प्रमोद जायसवाल वरिष्ठ कांग्रेस नेता के साथ में मांग पत्र सौंपा गया।
विधायक की इन पहलों से क्षेत्र में रेल सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं बुनियादी ढांचे के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जगी है।



