धोबनी – ज़िले के विभिन्न क्षेत्रों में रक्षाबंधन का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर हमेशा उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया।
सुबह से ही बाज़ारों में रौनक देखने को मिली। राखियों और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ लगी रही। मिठाई विक्रेता देवकिशन साहू ने बताया, “इस साल बिक्री पिछले साल से बेहतर रही, खासकर बच्चों के कार्टून राखियों और घर में बनी मिठाइयों की खूब मांग रही।”
गाँव-गाँव में बहनों ने सज-धज कर भाइयों को तिलक लगाया और मिठाई खिलाई। छोटे-छोटे बच्चे रंग-बिरंगे कपड़ों में राखी बांधते नज़र आए। कई जगहों पर सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जहाँ बहनों ने पुलिस, सेना और समाजसेवी भाइयों को राखी बांधकर समाज की सुरक्षा का संदेश दिया।



